बरेली। महिला चिकित्सालय के एक डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान निजी अस्पताल में सेवाएं देने का गंभीर आरोप लगा है। उनकी लोकेशन निजी अस्पताल के नजदीक मिलने पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने प्रकरण की जांच शुरू करा दी है। सीएमएस ने डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा है। आरोप पुष्ट होने पर उनकी संविदा समाप्त की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी से डॉक्टरों के लापता रहने की शिकायतें अक्सर होती हैं। दो दिन पूर्व सीएमओ कार्यालय में तैनात अधिकारी के परिजन बच्चे को लेकर महिला चिकित्सालय में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ से इलाज कराने पहुंचे थे। डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे। पूछताछ में पता चला कि वे बाहर गए हैं। काफी देर बाद भी नहीं लौटे। तब उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। उनकी मौजूदगी एक निजी अस्पताल के पास मिली। इस पर संंबधित अफसर ने सीएमओ से शिकायत कर निजी अस्पताल में सेवाएं देने का आरोप लगाया। सीएमओ ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
कार्यावधि में ड़्यूटी पर न होना गलत : सीएमएस
सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर अस्पताल में संविदा पर तैनात हैं। जब तक ड्यूटी का समय है, वे किसी निजी अस्पताल में सेवा नहीं दे सकते। ड्यूटी के बाद वे कहीं जाएं, इस पर कोई आपत्ति नहीं है। नियमों को दरकिनार करना गलत है। स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ जांच करा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। अमर उजाला ब्यूरो