बरेली। स्वास्थ्य विभाग ने इज्जतनगर रेलवे मंडलीय अस्पताल के सीएमएस को बिना बताए ही वहां भर्ती कोरोना संक्रमितों को तीन सौ बेड के अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। सुबह वार्ड इंचार्ज ने सीएमएस को इसकी जानकारी दी। फिलहाल रेलवे के कोविड अस्पताल को अभी स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे प्रशासन को हैंडओवर नहीं किया है।
तीन महीने पहले इज्जतनगर रेलवे अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया था। अस्पताल में व्यवस्थाओं और रखरखाव की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की थी। इसमें रेलवे अस्पताल प्रशासन का कोई हस्तक्षेप नहीं था। प्रदेश सरकार ने कोविड मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा दी तो स्वास्थ्य विभाग ने तीन सौ बेड के कोविड एल-वन अस्पताल को भी अपडेट कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को रेलवे अस्पताल में भर्ती 50 संक्रमितों को तीन सौ बेड के अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने सीएमएस डॉ. अरुण खुन्नू को इसकी जानकारी दी। हालांकि संक्रमितों के यहां से शिफ्ट हो जाने से रेलवे कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली है।