एडीजी रमित शर्मा ने ली परेड की सलामी, एसएसपी अनुराग आर्य भी रहे मौजूद।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में रविवार की सुबह नए पुलिसकर्मियों के लिए ऊर्जा के संचार की सुबह थी। पुलिस लाइन में नौ महीने से आरटीसी प्रशिक्षण ले रहीं 783 महिला रंगरूट पासिंग आउट परेड के बाद सिपाही बन गईं। इसी तरह पीएसी आठवीं बटालियन में प्रशिक्षु 364 रंगरूटों को कांस्टेबल का दर्जा मिला। सभी के चेहरे पर मुस्कान थी, उनके परिवारीजन भी इस खुशी में शरीक हुए। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऑनलाइन संबोधन सभी को सुनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी नए सिपाहियों को निष्ठा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पासिंग आउट परेड करतीं महिला रिक्रूट
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस लाइन में परेड के मुख्य अतिथि एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली। एसएसपी अनुराग आर्य भी उनके साथ रहे। दोनों अधिकारियों ने 783 पास आउट महिला पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पासिंग आउट परेड के बाद महिला रिक्रूट बनीं सिपाही
- फोटो : अमर उजाला
796 रिक्रूट ने दर्ज कराई आमद
आरआई हरमीत सिंह ने बताया कि बरेली पुलिस लाइन को 800 महिला रिक्रूट का आवंटन हुआ था। इनमें से 796 ने आमद दर्ज कराई। इनमें से कुछ दूसरे विभागों में चयनित हो गईं और कुछ ने निजी कारणों से प्रशिक्षण छोड़ दिया। कुल 783 नई सिपाहियों को तैनाती मिली। इनमें से 292 की तैनाती बरेली जिले के थानों में ही होगी। बरेली में कुल 1386 नए सिपाहियों की तैनाती होगी, इस लिहाज से जिले के हर थाने में करीब 48 नए सिपाही बढ़ जाएंगे।
परिवार के साथ महिला सिपाही
- फोटो : अमर उजाला
सिर पर पगड़ी, हाथ में सर्टिफिकेट और चेहरों पर दिखी मुस्कान
पुलिस लाइन में परेड के बाद खुशी का ज्वार देखने को मिला। अधिकांश महिला पुलिसकर्मी अपने परिजनों के साथ आई थीं। अधिकांश गरीब या मध्यमवर्गीय परिवारों से थीं। इन्होंने अपनी पगड़ी माता या पिता के सिर पर रखकर, सेल्फी लेकर और पगड़ी हवा में उछालकर सरकारी सेवा में आने की खुशी जताई।
पासिंग आउट परेड करतीं महिला रिक्रूट
- फोटो : अमर उजाला
पुलिसकर्मियों ने पुलिस महकमे में सेवा का अवसर मिलने को भाग्य से जोड़ा। किसी ने माता पिता तो किसी ने गुरुओं व भाई बहनों को इस सफलता का श्रेय दिया। सभी पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी और गर्व के भाव साफ झलक रहे थे। भीषण गर्मी भी पासिंग ऑउट परेड में उनका जोश कम नहीं कर पाई।
पीएसी में पासिंग आउट परेड के बाद आईजी मोदक राजेश डी राव को प्रतीक चिन्ह देते कमांडेंट आकाश तोमर।
- फोटो : अमर उजाला
पीएसी में 364 नए पुलिसकर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र
पीएसी आठवीं बटालियन में पुलिस मुख्यालय से आए आईजी मोदक राजेश डी राव ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कमांडेंट आकाश तोमर के साथ परेड का निरीक्षण किया। यहां 400 पुरुष रंगरूट प्रशिक्षण के लिए चयनित किए गए थे। इनमें से 394 ने यहां आमद दर्ज कराई। कुछ अनुत्तीर्ण और कुछ गैरहाजिर हो गए। कुल 364 रंगरूटों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया और यूपी पुलिस के सिपाही बने। सभी को प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनाती के पत्र सौंपे गए हैं।