सांसद छत्रपाल ने कॉरिडोर, केनोपी और कैंटीन का किया लोकार्पण
बरेली। बरेली एयरपोर्ट पर यात्रियों को प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य भवन तक पहुंचने में अब धूप नहीं लगेगी और न बारिश में भीगेंगे। शौचालय के लिए भी भटकना नहीं पड़ेगा। मंगलवार को नवनिर्मित केनोपी, कॉरिडोर, कैंटीन, सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया। सड़क चौड़ीकरण से आवागमन सुगमता की उम्मीद जताई।
एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल के मुताबिक गेट से पार्किंग फिर एयरपोर्ट के मुख्य भवन तक आवाजाही के दौरान गर्मियों में यात्रियों को धूप और बारिश में भीगना पड़ता था। यात्रियों के साथ आने वाले लोगों को शौचालय और कैंटीन की सुविधा नहीं थी। जिसे देखते हुए बीते वर्ष इन परेशानियों से निजात के लिए और जरूरी सेवा मुहैया कराने के लिए निर्माण की कवायद शुरू की गई। निर्माण कार्य पूरा होने पर मंगलवार को औपचारिक लोकार्पण हुआ।
बताया कि जल्द ही एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भी कार्य शुरू होगा। बीते वर्ष करीब 29 एकड़ भूमि क्रय के लिए जिला प्रशासन ने सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी है। स्वीकृति समेत बजट जारी होने पर विस्तारीकरण शुरू हो जाएगा।
फोरलेन बनाने के लिए केंद्र से बजट स्वीकृति की उम्मीद
सांसद छत्रपाल गंगवार ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि वे सिविल एन्क्लेव बरेली एयरपोर्ट पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। नागरिक सेवा के लिए एयरपोर्ट डायरेक्टर और उनकी टीम को सराहा। कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार की ओर से पूर्व में प्रस्तावित पीलीभीत सिक्सलेन बाइपास को फोरलेन में परिवर्तन की अनुमति दे दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरा होने पर सड़क निर्माण शुरू हो जाएगा। बताया कि बरेली एयरपोर्ट को देश के अन्य प्रमुख शहरों जैसे अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता के लिए सीधी उड़ान शुरू कराने के लिए नागरिक उडड्यन मंत्रालय से संपर्क किया है। ताकि क्षेत्रीय विकास हो और उद्योग धंधों में तेजी आए। अमर उजाला ब्यूरो