बरेली। त्योहार की सीजन खत्म होने के बाद भी लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। अब सहालग का सीजन शुरू होने के कारण यात्रियों की संख्या में विशेष कमी नहीं आई है। इस बीच दिल्ली-लखनऊ मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का दबाव ज्यादा होने के कारण पीछे आने वाली गाड़ियों को सिग्नल मिलने में देरी हो रही है।
गाड़ियों को स्टेशनों के आउटर पर रोका जा रहा है। ऐसे में विशेष गाड़ियां 10-12 और नियमित सात घंटे तक इंतजार करा रही हैं। रविवार को भी लंबी दूरी की आठ विशेष गाड़ियों ने नौ और 11 से ज्यादा नियमित ट्रेनों ने यात्रियों को पांच घंटे तक इंतजार कराया।
05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट नौ तो 03312 चंडीगढ़-धनबाद विशेष गाड़ी पांच घंटे देरी से बरेली आई। 04016 आनंद विहार-समस्तीपुर, 04312 योग नगरी ऋषिकेश सियालदह, 04455 धनबाद-आनंद विहार, 04015 सीतामढ़ी-आनंद विहार, 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार और 05283 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार विशेष गाड़ियों ने भी यात्रियों को चार घंटे तक इंतजार कराया।