एबीवीपी कार्यकर्ताओं के जश्न के चलते बरेली कॉलेज में परेशान हुए परीक्षार्थी, प्राचार्य बोले: यह अनुशासनहीनता
बरेली। बरेली कॉलेज में शुक्रवार को परीक्षा के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता कारों का काफिला लेकर गुजरे। हूटर बजाने के साथ ही पटाखे दागे।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के दो सदस्यों ने रोकना चाहा तो उन्होंने अनुमति होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया। हुड़दंग के चलते परीक्षार्थी परेशान हुए। उन्होंने शिक्षकों से इसको लेकर आपत्ति भी जताई। प्राचार्य ने इस हरकत को अनुशासनहीनता बताकर कार्रवाई की बात कही है।
बदायूं में संपन्न हुए एबीवीपी ब्रज प्रांत के 66वें प्रांत अधिवेशन में बरेली महानगर मंत्री आनंद कठेरिया को ब्रज प्रांत का प्रांत मंत्री बनाया गया। पद मिलने के बाद पहली बार गृह जनपद आने पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाने के नाम पर शुक्रवार को शक्ति प्रदर्शन किया। 12 से अधिक गाड़ियों का काफिला लेकर कार्यकर्ता दोपहर करीब 1:45 बजे बरेली कॉलेज से होकर गुजरे।
इस दौरान कई परीक्षार्थी अपने कक्ष में पहुंच चुके थे, कई जांच के लिए कतार में खड़े थे। शोर-शराबा होने पर परीक्षार्थी कक्ष से बाहर निकल आए। देखा तो कार्यकर्ता कारों से स्टंट कर रहे थे। कई कारों के बोनट पर बैठे थे। कई जोर-जोर से हूटर बजाकर नारेबाजी कर रहे थे। कॉलेज प्रांगण में बने घंटाघर के पास कार्यकर्ताओं ने पटाखे भी फोड़े।
परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों ने इस हरकत को ध्यान भटकाने वाला बताया। हालांकि, उन्होंने किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं दर्ज कराई। करीब 20 मिनट तक जश्न मनाने के बाद कार्यकर्ता काफिला लेकर पश्चिमी गेट से निकल गए।
सिर्फ माल्यार्पण की थी अनुमति
चीफ प्रॉक्टर डॉ. आलोक खरे ने बताया कि एबीवीपी की संगठन मंत्री अवनी यादव ने दोपहर करीब डेढ़ बजे अनुमति ली। उन्होंने शांतिपूर्वक तरीके से स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के लिए कहा। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को धता बताकर गाड़ियों का काफिला लेकर महाविद्यालय परिसर में घुस आए। संवाद
महाविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के पदाधिकारी नहीं आएंगे तो कौन आएगा? गाड़ियों का काफिला लेकर महाविद्यालय आने से कोई गुनाह तो नहीं हो गया। पटाखे किसने फोड़े इसकी मुझे जानकारी नहीं है। - आनंद कठेरिया, प्रांत मंत्री, एबीवीपी
एबीवीपी कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्वक माल्यार्पण करने की अनुमति दी गई थी। जो हुड़दंग किया गया वह अनुशासनहीनता है। इसका संज्ञान लिया है। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। - प्रो. ओपी राय, प्राचार्य