बरेली। हजियापुर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अफसर वैसे ही दहले हुए थे, संक्रमित युवक की पत्नी ने उन्हें और ज्यादा आतंकित कर दिया। सोमवार दोपहर युवक की रिपोर्ट आने से पहले उसकी पत्नी पहले कलक्ट्रेट और डीएम के कैंप ऑफिस में घुस गई और फिर सीएमओ ऑफिस में भी पति का ठीक से इलाज न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। अफसरों को जब यह पता लगा कि वह संक्रमित युवक की पत्नी है तो उनमें दहशत फैल गई। आननफानन में कलक्ट्रेट और डीएम कैंप ऑफिस में इस दौरान मौजूद स्टाफ के सैंपल जांच के लिए भिजवाकर उन्हें क्वारंटीन करा दिया गया। डीएम के कैंप ऑफिस, कलक्ट्रेट और सीएमओ ऑफिस को सैनिटाइज भी कराया गया।
कोरोना संक्रमित की बीवी अपने एक रिश्तेदार के साथ उसकी बाइक पर बैठकर सोमवार दोपहर पहले कलक्ट्रेट पहुंची। कलक्ट्रेट में कई दिनों से आम लोगों का प्रवेश वर्जित है लिहाजा कलक्ट्रेट गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे बाहर से ही लौटा दिया। इसके बाद यह महिला पास ही डीएम के बंगले में घुस गई। काफी देर तक वह बाहर ही सुरक्षा कर्मियों के पास बैठी रही। इसके बाद डीएम कैंप कार्यालय के अंदर पहुंच गई। वहां मौजूद स्टाफ को बताया कि उसका पति एसआरएमएस में कई दिनों से भर्ती है। उसे उनकी कोई रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। डीएम स्टाफ के एक बाबू ने फोन पर सीएमओ को उसकी शिकायत की जानकारी देते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया। कुछ ही देर बाद जब यह पता चला कि जो महिला शिकायत करने आई थी, उसका पति कोरोना पॉजिटिव है तो डीएम कैंप कार्यालय के स्टाफ के होश उड़ गए। दफ्तर में बुरी तरह हड़कंप मच गया।
इसी बीच दौरे पर कहीं निकले हुए डीएम नितीश कुमार बंगले पर लौटे। उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने फौरन परिसर में मौजूद बाहरी लोगों को बाहर निकलवाकर मेन गेट बंद करा दिया। जिला अस्पताल से एंबुलेंस बुलाकर आनन-फानन में महिला के संपर्क में आए सभी सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ को भी पूल टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सैंपल लेने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें होम क्वारंटाइन करा दिया। डीएम के निर्देश पर कुछ ही मिनटों में सैनिटाइजिंग मशीन भी पहुंच गई जिसके बाद कलक्ट्रेट और पूरे डीएम बंगले को अच्छी तरह सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद डीएम आवास का मेन गेट बंदकर बाहरी लोगों के आने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई।
सीएमओ का घबराया स्टाफ दफ्तर छोड़कर बाहर निकला
बरेली। डीएम बंगले पर दहशत फैलाकर सीएमओ ऑफिस पहुंची संक्रमित युवक की पत्नी ने उसका इलाज ठीक से न होने का आरोप लगाते हुए वहां भी खूब हंगामा किया। काफी देर तक चीखने-चिल्लाने के बाद वह फर्श पर लेट गई। सीएमओ का स्टाफ पहले तो इसे सामान्य ढंग से लेता रहा लेकिन कुछ ही देर बाद उसके पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने खबर मिली तो हड़कंप मच गया। कर्मचारियों के चेहरों पर हवाइयां उड़ने लगीं और घबराया स्टाफ कार्यालय छोड़कर बाहर निकल आया।
युवक की पत्नी का आरोप था कि कोरोना के संदेह में सैंपल लिए जाने की वजह से उसके पति का अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि अस्पताल वाले उसकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही इलाज शुरू करने की बात कह रहे हैं। देरी होने से उसकी तबीयत बिगड़ रही है। सीएमओ ने संबंधित डॉक्टर से फोन पर बातकर महिला को उसके पति का ठीक से इलाज होने का भरोसा दिलाया लेकिन इस पर भी वह शांत नहीं हुई और कार्यालय में ही हंगामा करने लगी। स्टाफ ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह चीखते हुए फर्श पर गिर पड़ी। उसके साथ मौजूद उसके देवर ने उसे किसी तरह संभाला। करीब 15 मिनट तक कार्यालय में हड़कंप मचा रहा।
महिला के हंगामे के कुछ ही देर बाद सीएमओ कार्यालय को पता चला कि उसके पति पॉजिटिव रिपोर्ट आई है तो पूरे स्टाफ में दहशत फैल गई। फौरन पूरे कार्यालय को सैैनिटाइज कराया गया। स्टाफ भी खुद को सैनिटाइज करने में जुट गया। दहशत इस कदर दिखी कि सीएमओ कार्यालय के सभी कर्मचारियों की हवाइयां उड़ गईं और वे बाहर निकल आए। कार्यालय के साथ सीएमओ की कार और परिसर में खड़े दूसरे वाहनों को भी सैनिटाइज किया गया।
महिला और उसके रिश्तेदार की शाम को निगेटिव आई रिपोर्ट तो ली राहत की सांस
डीएम आवास में घुसने वाली कोरोना संक्रमित युवक की पत्नी और उसके एक रिश्तेदार की शाम को आई जांच रिपोर्ट निगेटिव होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। महिला के डीएम के बंगले, कलक्ट्रेट और सीएमओ के ऑफिस में कई लोगों के संपर्क में आने की जानकारी के बाद डीएम के निर्देश पर उसका और उसके रिश्तेदार का सैंपल फौरन जांच के लिए आईवीआरआई भिजवाया गया था। पांच-छह घंटे के अंदर ही दोनों की रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट निगेटिव निकलने के बाद डीएम और उसके कैंप ऑफिस के स्टाफ के साथ सीएमओ के स्टाफ ने भी राहत की सांस ली।