फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गाय का शिकार करने वाला बाघ अब गांव बालागंज के पास दिखा, ग्रामीणों में दहशत

Tue, 17 Jan 2023 06:58 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

खुटार क्षेत्र के गांव प्रीतमपुर और सहारू के पास सोमवार को बाघ ने एक गाय को मार डाला था। बाघ अभी भी इलाके में मौजूद है। रात में बाघ गांव बालागंज के पास देखा गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। 
विज्ञापन
बाघ (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर के खुटार रेंज के सिहुरा बीट क्षेत्र में गांव प्रीतमपुर और सहारू के पास गाय का शिकार करने वाला बाघ अब गांव बालागंज के पास पहुंच गया है। उसे चकरोड पर बैठा देखकर किसान खेतों से भाग निकले। बाघ के आने से इलाके में दहशत का माहौल है। बाघ को पकड़ने के लिए वनकर्मी जंगल में कॉम्बिंग कर रहे हैं। 

विज्ञापन


प्रीतमपुर और सहारू के पास सोमवार को बाघ ने एक गाय को मार डाला था। इस दौरान भीड़ जमा होने पर बाघ जंगल में भाग गया था। लोगों ने शोर-शराबा करना शुरू किया तो बाघ काफी देर तक जंगल में इधर-उधर दौड़ता रहा। कई बार वह भीड़ के पास तक आ पहुंचा। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर वहां से हटाया। 

चकरोड पर बैठा था बाघ

गांव बालागंज निवासी संजय और अमित सोमवार रात छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली के लिए खेत पर जा रहे थे। उन्होंने रास्ते में चकरोड पर बाघ बैठा देखा तो शोर मचाते हुए गांव की ओर भाग निकले। शोर सुनकर खेतों में मौजूद और किसान भी बाघ के डर से खेतों से घर चले गए। 

विज्ञापन

संजय और अमित के गांव पहुंचकर जानकारी देने पर प्रधान हरिनंदन, हरविंदर, संजय, राजेश, कन्नौजी, अवधेश, अहिवरन, अमित, राजेश, विजयपाल, रामचंद्र सहित तमाम लोग टार्च और मशाल लेकर शोर मचाते चकरोड की ओर गए। इसके बाद बाघ जंगल की ओर चला गया। लोगों ने बताया कि वनकर्मियों को सूचना दी गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। 

सावधानी के साथ समूह में खेतों पर जाएं किसान

वन दरोगा कामता प्रसाद वर्मा ने बताया कि बाघ की लोकेशन के लिए वनकर्मी लगातार कॉम्बिंग कर रहे हैं। गांव के लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। कोई भी किसान रात में गांव के बाहर अकेले न निकले। जाना जरूरी हो तो कई लोग साथ निकलें और आपस में बातचीत करते रहें। बाघ जंगल में ही है। वह बाहर नहीं निकला है। जिन लोगों के खेत जंगल के किनारे हैं, वहीं बाघ के खेतों की ओर आने की बात कह रहे हैं। 

खुटार रेंज के रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मैं इस समय बाहर हूं। अभी मुझे कोई जानकारी नहीं मिली है। जानकारी मिलते ही टीम को भेजा जाएगा और बाघ को जंगल में खदेड़ा जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें