भाजपा विधायक और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख भिड़े
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी जिले के नकहा ब्लॉक परिसर में रविवार को पर्चा वापसी को लेकर भाजपा के सदर विधायक और नकहा के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख आपस में भिड़ गए। बवाल की ख़बर लगते ही डीएम और एसपी ने मौका मुआयना किया और बाधित चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई।
एसपी विजय ढुल ने बताया कि नकहा चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आचार संहिता उल्लंघन के तहत हथियार लहराने पर संजय गुप्ता समेत 10-15 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नकहा ब्लॉक कार्यालय पर पर्चा वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिया जाना था। इससे पूर्व ही सदर विधायक योगेश वर्मा और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता में क्षेत्र पंचायत सदस्य के पर्चा वापसी को लेकर कहासुनी होनी लगी।
गाली गलौज के बीच बात यहां तक बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे का गिरेबान तक पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें एक पक्ष का समर्थक पिस्टल लहराते दिख रहा है। घटना के बाद सूचना पर डीएम और एसपी ने मौका मुआयना किया और पर्चा वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करवाई।