बिहारीपुुर जैन मंदिर में मनाया गया क्षमावाणी पर्व, मेधावियों का हुआ सम्मान
बरेली। दशलक्षण पर्व के समापन पर रविवार को क्षमावाणी पर्व मनाया गया। इस उपलक्ष्य में भगवान महावीर स्वामी की पालकी यात्रा शहर में निकाली गई। इस दौरान मेधावियों का सम्मान किया गया।
यात्रा बिहारीपुर जैन मंदिर से आरंभ की गई, जो कुतुबखाना चौराहे होते हुए जिला अस्पताल रोड से सिटी पोस्ट ऑफिस होकर बिहारीपुर जैन मंदिर पहुंची। पालकी यात्रा के लिए इंद्रों का चुनाव कूपन के माध्यम से किया गया। पीत वस्त्रों को धारण कर इंद्रों ने भगवान की पालकी को उठाया और बैंडबाजों की धुन पर धर्मावलंबी यात्रा में सम्मिलित हुए। यात्रा के मंदिर पहुंचने पर भगवान का अभिषेक किया गया।
इस मौके पर पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने क्षमावाणी पर्व को पावन और पुनीत पर्व बताया। मंदिर के मंत्री प्रकाश चंद्र जैन ने कहा की विश्व इतिहास में पहला पर्व है जिसमें शुभकामनाएं, बधाई, उपहार न देकर अपने जाने अनजाने समस्त गलतियों, अपराधों के लिए क्षमा याचना की जाती है। सम्मानित होने वाले मेधावी छात्र–छात्राओं में उर्वी जैन, सौमिल जैन, अंशिका जैन, राशि जैन, जिनेश जैन, तनिष्का, अवनी, वृद्धि आदि को सम्मानित किया गया। इसके अलावा तेला और बेला उपवास के लिए अभिषेक व कविता जैन, वरिष्ठ नागरिक में पीसी जैन, अनिल जैन, कविता जैन आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी सौरभ जैन, राजेश जैन, भूपेंद्र जैन, अध्यक्ष वीके जैन, संदीप देसाई, सुनील कुमार जैन, संजय जैन, सतेंद्र जैन आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. अर्चना जैन ने किया। संवाद