बरेली। नगर निगम के निर्माण विभाग में लगातार गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही ठेकेदारों की 30 से अधिक फाइलें गायब हो गई थीं। मामले का संज्ञान शासन ने भी लिया था। विभाग के एई से लेकर लिपिक तक ने अपने अधिकारी के खिलाफ लिखकर रिपोर्ट सौंपी थी। तत्कालीन नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने एफआईआर के आदेश दिए तो धीरे-धीरे फाइलें सामने आईं। हालांकि लकड़ी के भुगतान की 23 फाइलें अभी नहीं मिल सकी हैं।
ठेकेदारों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
निर्माण विभाग में भ्रष्टाचार होने का आरोप ठेकेदारों ने भी कुछ दिन पहले लगाया था। भुगतान न होने पर अधिकारियों पर आरोप लगे थे कि कोटेशन की फाइल भी रकम देने के बाद आगे बढ़ती है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर भी फाइल आगे नहीं बढ़ाई जाती। इसको लेकर ठेकेदार और निर्माण विभाग के अधिकारियों के बीच गाली-गलौज व कहासुनी भी हुई थी। संवाद