शाहजहांपुर से गाजियाबाद के बीच फतेहगंज पश्चिमी के पास नगरिया सादात में, रोजा-शाहजहांपुर के बीच और हापुड़-पिलखुवा के बीच पटरी चटकी मिली। सूचना पर पहुंचे स्टाफ ने मरम्मत कर ट्रैक दुरुस्त किया।
नगरिया सादात के पास अप लाइन पर रेल पटरी चटकी मिली। रेल पथ निरीक्षण ने सुबह चार बजे इसकी सूचना दी। तब तक मुरादाबाद की ओर जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और हरिहर एक्सप्रेस चटकी पटरी से गुजर चुकी थी। इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने किमी संख्या 1344/15 से 1344/17 के बीच करीब साढ़े चार बजे कॉशन (धीमी गति) लगाकर काम शुरू करा दिया।
मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर मंगलवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे रोजा-शाहजहांपुर के बीच एक मालगाड़ी गुजर रही थी। लोको पायलट को तेज झटका लगा तो उसे पटरी टूटी होने की आशंका र्हुई। उसकी सूचना पर पहुंची टीम को पटरी चटकी मिली। मरम्मत के दौरान ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। करीब 45 मिनट बाद 11.45 बजे ट्रेनें धीमी गति से गुजारी गईं। इससे पहले 17 नवंबर को सियालदाह एक्सप्रेस चूड़ियाला-इकबालपुर के बीच टूटी लाइन से गुजरी गई थी।
सीबीगंज लाइन पर भी चली मरम्मत
बरेली से सीबीगंज जाने वाली अप लाइन पर इंजीनियरिंग विभाग ने किमी संख्या 1321/21 से किमी संख्या 1321/31 के बीच मरम्मत कार्य कराया। वहीं, लाल फाटक पर गेट बंद करवाकर मरम्मत कार्य मंगलवार को भी जारी रहा।
ट्रेन संचालन रहा बाधित
मुरादाबाद। मुरादाबाद-गाजियाबाद रेल मार्ग पर हापुड़ और पिलखुवा के बीच भी पटरी चटक गई। पेट्रोलिंग के दौरान मंगलवार सुबह 8.05 बजे इसका पता चला। इसके बाद लाल झंडी लगाकर ट्रेन संचालन रोक दिया गया। नौ बजे मरम्मत कर ट्रेनें गुजारी गईं। इस दौरान सुहेलदेव एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और सीतापुर-दिल्ली सवारी गाड़ी खड़ी रही।