लखीमपुर खीरी। धान खरीद में लापरवाही करने के चलते कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर के सचिव रामबाबू शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। मंडी निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक सप्ताह पहले राजापुर मंडी में निरीक्षण कर धान खरीद के हालात जाने थे, जिसके बाद भी मंडी समिति के क्रय केंद्र पर धान खरीद शुरू नही हुई।
धान खरीद में लापरवाही के आरोप में इससे पहले भी कई कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी हैं लेकिन मंडी सचिव के निलंबन की कार्रवाई से अधिकारियों में खलबली मच गई है।
मंडी समितियों में इस वर्ष ही अन्य क्रय एजेंसियों की तरह धान खरीद की शुरुआत की गई है लेकिन 21 दिन बीतने पर भी खरीद का खाता नहीं खुल पाया है। मंडी निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह के दौरे के समय मंडी सचिव ने कुछ समस्याओं का जिक्र करते हुए तबादले की मांग भी की थी। करीब एक सप्ताह बाद भी धान खरीद शुरू न किए जाने पर निदेशक ने मंडी सचिव को निलंबित किया है जिससे अन्य मंडियों के सचिवों सहित अन्य कर्मचारियों में हड़कंप है। उस दिन निदेशक ने गोला मंडी का भी दौरा किया था, जिसके बाद वह पीलीभीत चले गए थे। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने निलंबन की पुष्टि की है। संवाद