300 बेड में लगा अॉक्सीजन प्लांट।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
डीआरडीओ से भेजे गए प्लांट के उपकरण पूर्व में हो गए थे स्थापित
बरेली। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का कार्य शुक्रवार को पूरा हो गया। कार्यदायी संस्था के अभियंता ने शुक्रवार को ही प्लांट चलाकर उसके संचालन की प्रक्रिया से कर्मचारियों को अवगत कराया।
अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर हावी होने के बाद मुख्यमंत्री ने तीन सौ बेड अस्पतालों में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत यहां तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य शुरू हो गया था। अस्पताल में करीब एक हजार लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन सप्लाई की क्षमता का प्लांट लगाया गया है। सीएमएस डॉ. वागीश वैश ने बताया कि इस प्लांट से अस्पताल के सभी बेडों पर ऑक्सीजन की सप्लाई की जा सकेगी। पिछले दिनों रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की ओर से ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण यहां पहुंच गए थे। इन्हें स्थापित कर अब प्लांट चालू कर दिया गया है।
तीन सौ बेड अस्पताल में लगे मिले साढ़े चार सौ बेड
प्लांट संचालन के बाद प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई पहुंची या नहीं इसकी अधिकारियों ने जांच की। इस दौरान कितने बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई रही, इसकी गणना की गई तो पता चला कि अस्पताल में 450 से ज्यादा बेड लगे हैं। डॉ. वागीश वैश ने इसकी जानकारी सीएमओ को दी। उन्होंने बताया कि मरीजों की तादाद बढ़ने के साथ अस्पताल में लगातार बेड मंगाए जाते रहे, लेकिन कितने बेड लगे इसकी गणना नहीं की गई। साढ़े चार सौ बेड लगे हैं, इसकी जानकारी से अफसर भी हैरत में आ गए।