बरेली। आईवीआरआई क्रॉसिंग पर रेलवे द्वारा काम शुरू न किए जाने पर चीफ इंजीनियर निर्माण एके सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने ओवरब्रिज के साथ अंडरपास का काम शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से काम शुरू न किए जाने की वजह भी पूछी है।
रेलवे की देरी से यह प्रोजेक्ट पूरा नहीं हो पा रहा। रेलवे ने पहले जिस कांट्रेक्टर को ओवरब्रिज बनाने का काम दिया था उसने काम पूरा नहीं किया। ठेकेदार रेलवे के अफसरों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए वह हाईकोर्ट चला गया। इसके बाद रेलवे ने यहां अंडरपास बनाना शुरू किया, जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। बारिश का पानी भर जाने से कई दिनों से निर्माण कार्य ठप है। बृहस्पतिवार को गोरखपुर से आए रेलवे के चीफ इंजीनियर एके सिंह ने टीम के साथ आईवीआरआई ओवरब्रिज को देखा। उन्होंने इसे लेकर नाराजगी जताई है कि यह काम पूरा करने में इतनी देरी क्यों हुई है। उन्होंने स्थानीय रेल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यह काम जल्द से जल्द पूरे कराएं ताकि पब्लिक को आने-जाने में सहूलियत हो। इससे पहले कमिश्नर ने भी रेलवे अधिकारियों को ओवरब्रिज और अंडरपास का काम शुरू न करने पर फटकारा था। बावजूद इसके अधिकारियों ने कोई तेजी नहीं दिखाई।