बहेड़ी/फतेहगंज़ी पूर्वी/नवाबगंज। कस्बों और देहात क्षेत्र में महिला अपराधों के बीच जागरूकता तेजी से फैली है। घरेलू विवाद और उत्पीड़न के खिलाफ शांत रहने के बजाए महिलाएं खुल कर आवाज उठा रही हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत नवाबगंज, बहेड़ी और फतेहगंज पूर्वी में दो माह में 313 से ज्यादा महिलाओं ने घरेलू हिंसा, मारपीट, दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, दुष्कर्म जैसे अपराधों के खिलाफ अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं।आंकड़ों के अनुसार देखे तो हर दिन थानों पर औसतन इससे संबंधित पांच शिकायतें आईं। पुलिस ने अधिकांश मामलों में कार्रवाई की है। हालांकि कुछेक मामले हैं, जो अभी भी पेंडिंग है।
नवाबगंज में महिला अपराध में आई कमी, 23 शिकायतें पेंडिंग
मिशन शक्ति के तहत घरेलू हिंसा, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, दुष्कर्म के खिलाफ अक्तूबर माह में 139 और 20 नवंबर तक 64 शिकायतें ही दर्ज हुईं। पिछले माह की तुलना करें तो इस महिला अपराधों में कमी आई है। लेकिन, अभी तक 23 शिकायतें पेंडिंग है। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत गठित महिला सब इंस्पेक्टर और उनकी टीम क्षेत्रों में काम कर रही हैं। टीमें स्कूली छात्राओं-महिलाओं को जागरूक कर महिला अपराधों के खिलाफ रोक रही हैं।
फतेहगंज पूर्वी में 31 में से 24 का निस्तारण
फतेहगंज पूर्वी में अक्तूबर से नवंबर तक 31 शिकायतें दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, दुष्कर्म की दर्ज की गई हैं,जिसमें 24 का निस्तारण किया गया। सात पर कार्रवाई की प्रक्रिया अटकी है। इसमें एक छेड़खानी, एक दुष्कर्म, एक दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि उनकी टीम इस अभियान तक लगातार जागरूकता अभियान चलाकर छात्राओं और महिलाओं को सशक्त कर रहे हैं।
बहेड़ी में सबसे ज्यादा दहेज उत्पीड़न के मामले
बहेड़ी में मिशन शक्ति के तहत दो माह में 53 मामले दर्ज हुए। इसमें सबसे ज्यादा दहेज उत्पीड़न के हैं। छेड़खानी के मामले की एक शिकायत में जांच चल रही है। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि दहेज के मामलों में 6 लोगों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। कुछ मामले ऐसे पाए गए, जिसमें पति-पत्नी के बीच सुलह कराई गई है।
आंवला में सबसे कम मामले
आंवला। मिशन शक्ति के तहत अक्तूबर महीने में 22 व नवंबर महीने में पांच रिपोर्ट दर्ज हुई। इनमें से बदायूं की महिला से नाम बदलकर दोस्ती करने के बाद कार में दुष्कर्म करने के मामले में थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मनौना गांव निवासी आरोपी शानू व उसके साथी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इसके अलावा नवरात्र के दिनों में कस्बा स्थित एक स्कूल में 12 साल की छात्रा को घर से बुलाकर छेड़खानी व दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने रिपोर्ट लिखे जाने के दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की थी। संवाद
कहां करें शिकायत
पुलिस के अनुसार महिलाएं उत्पीड़न की स्थिति में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 या 1090 (वीमेन पॉवर लाइन) पर काॅल कर सकती हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग या 181 महिला हेल्पलाइन नंबर पर भी कॉल कर सकती हैं। इन नंबरों पर कॉल करने के बाद महिलाओं को तत्काल मदद मिल सकेगी।