फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सुभाषनगर पुलिया रात में ही बंद करने पर आक्रोश, लोगों ने किया हंगामा

Fri, 10 Jul 2026 02:17 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सुभाषनगर पुलिया के नीचे से गुजर रहे नाले की सफाई शुरू होने से पहले की मामला विवादों में घिर गया। शुक्रवार सुबह के बजाय बृहस्पतिवार रात को ही पुलिया बंद किए जाने से नाराज लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि पर राहगीरों की बाइकों की चाबियां निकालने का गंभीर आरोप भी लगा, जिससे माहौल और गरमा गया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी पहुंच गई और हालात को काबू किया।
विज्ञापन

नगर निगम ने नाला सफाई के चलते सुभाषनगर पुलिया को 10 से 13 जुलाई तक बंद रखने का फैसला किया है। इसके लिए शुक्रवार सुबह सात बजे का समय तय किया गया था, लेकिन बृहस्पतिवार रात 11:30 बजे ही इसे बंद कर दिया गया। इससे देर रात घर को लौट रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों को दिक्कत हुई। पूर्व सूचना के बिना ही आधी रात को रास्ता रोके जाने से नाराज लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति तब और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि पार्षद प्रतिनिधि ने वहां से गुजर रहे बाइक सवारों की गाड़ियों की चाबियां निकाल लीं। इससे नाराज लोग लामबंद होकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन

यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को एडवाइजरी और रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान के अनुसार, यह प्रतिबंध 10 जुलाई की सुबह सात से 13 जुलाई की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में सुभाषनगर से चौपुला या कचहरी की ओर आने वाले सभी वाहन अब वाजपेयी ढाल, बदायूं रोड, चौपुला पुल के ऊपर से होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। जंक्शन तिराहा या कचहरी की तरफ से सुभाषनगर जाने वाले वाहनों को सुभाषनगर थाने के सामने मालगोदाम रोड से होते हुए चौपुला पुल का रास्ता पकड़ना होगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए सुभाषनगर पुलिया मार्ग के बजाय पुलिस की ओर से बताए गए इन वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। नाला सफाई के इस जरूरी कार्य के दौरान शहर की रफ्तार न थमे, इसके लिए चौपुला पुल वाले मार्ग पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें