नए शैक्षिक सत्र में प्राइमरी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू हो पाना मुश्किल लग रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग को इन स्कूलों के लिए शिक्षक ही नहीं मिल रहे। इन स्कूलों में चार सौ टीचर रखे जाने हैं, लेकिन अंतिम तिथि 23 फरवरी तक विभाग को सिर्फ सौ आवेदन ही मिले। लिहाजा विभाग को अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच मार्च करनी पड़ी है।
प्राइवेट स्कूलों से मुकाबला करने के लिए नए शैक्षिक सत्र से हर ब्लाक में चयनित पांच परिषदीय स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होनी है। इन स्कूलों में चार सौ शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में पढ़ाने के लिए उन शिक्षकों से आवेदन मांगे हैं जिन्होंने इंटरमीडिएट तक अंग्रेजी की पढ़ाई की है। बीएसए दफ्तर में 23 फरवरी तक आवेदन जमा होने थे, लेकिन शिक्षकों ने इसमें दिलचस्पी नहीं ली। यही वजह रही कि आखिरी तारीख तक सिर्फ सौ आवेदन ही मिल सके। मजबूरी को मजबूरन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच मार्च करनी पड़ी है।
अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई के चयनित स्कूलों में विभाग के ही टीचर नियुक्त होने हैं, लेकिन आवेदनों की संख्या बेहद कम है। इसके लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच मार्च कर दी गई है। - राजेश श्रीवास्तव, प्रभारी बीएसए