बरेली। निर्धन परिवारों को गरीबी से उबारने के लिए शुरू किए गए जीरो पावर्टी अभियान में चिह्नित लोगों में से 3370 लोगों को पीएम सम्मान निधि से लाभान्वित किया जाना है। इनमें से सिर्फ 214 लोगों को ही योजना का लाभ मिल पाया है।
कृषि निदेशालय से मिले विवरण के आधार पर उप कृषि निदेशक कार्यालय से कराई गई पड़ताल में जिन परिवारों के मुखिया सम्मान निधि के लिए चिह्नित हुए हैं, उनमें 3010 भूमिहीन हैं। जो लोग पीएम सम्मान निधि पाने के पात्र पाए गए हैं, ऐसे लोगों को भी राजस्व कर्मियों की लापरवाही के कारण सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पाया है।
जो 146 व्यक्ति योजना के पात्र हैं, उनकी भूलेख अपूर्ण हैं। इसी कारण उन्हें योजना का लाभ मिलना संभव नहीं हो पा रहा है। इस मामले में डीएम अविनाश सिंह ने सभी एसडीएम को पत्र लिखकर ई-केवाईसी पूरा होकर अप्रूवल के लिए लेखपाल स्तर पर लंबित आवेदनों को जल्द निस्तारित करने के लिए कहा है। संवाद