बरेली। उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए विद्युत निगम के मुख्य अभियंता ने शहर के 24 उपकेंद्रों और 13 अभियंताओं के नंबरों को सार्वजनिक किया है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। दो दिन के रियलटी चेक में महज छह अभियंताओं ने कॉल रिसीव की। सात के फोन की घंटी बजती रही, पर उन्होंने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। यह हाल तब है जबकि मुख्य अभियंता कॉल रिसीव नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे चुके हैं।
किला, परसाखेड़ा, सीबीगंज, सुभाषनगर, लोहिया विहार और मढ़ीनाथ उपकेंद्र की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक अभियंता (एई) अभिषेक कपासिया ने दो दिन से कॉल रिसीव नहीं की। राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, कोहाड़ापीर, शाहदाना, डेलापीर, इज्जतनगर की जिम्मेदारी संभाल रहे एई ओम प्रकाश कुशवाह का हाल भी कुछ ऐसा ही है। उन पर पूर्व में भी पार्षद व जनता से अभद्रता समेत अन्य आरोप लग चुके हैं। कॉल रिसीव नहीं करने पर मुख्य अभियंता भी उनको कई बार फटकार लगा चुके हैं। सिविल लाइंस तृतीय, कुतुबखाना, जगतपुर, दुर्गानगर उपकेंद्र के नंबर पर भी कॉल रिसीव नहीं हुई। संवाद
पांच जेई भी नहीं दे रहे जवाब
कुतुबखाना, मिशन कंपाउंड व रामपुर गार्डन उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) कृष्णकांत, किला, परसाखेड़ा व सीबीगंज के जेई चंद्रमा प्रसाद, सुभाषनगर, लोहिया विहार व मढ़ीनाथ के जेई रवींद्र कुमार, राजेंद्र नगर, कोहाड़ापीर व डीडीपुरम के जेई मिलिंद गौतम, महानगर व हरूनगला के जेई पंकज कुमार ने भी दो दिनों से कॉल रिसीव नहीं की।
इन्होंने सुनीं समस्याएं
अधिशासी अभियंता सुरेंद्र गौतम, सहायक अभियंता कुलदीप कुमार व विपुल कुमार शुक्ला समेत अवर अभियंता रवि भटनागर, मंजीत सिंह, नीरज पंवार ने कॉल रिसीव कर समस्याएं सुनीं।