स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली छात्रा के एसएस लॉ कॉलेज स्थित हॉस्टल के रूम को मंगलवार को एसआईटी ने खंगाला। आश्रम सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने गुपचुप तरीके से स्वामी चिन्मयानंद से भी पूछताछ की। लगभग सात घंटे टीम परिसर में मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
छात्रा हॉस्टल रूम में स्वामी के खिलाफ सबूत रखे होने की बात शुरू से कहती चली आ रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को एसआईटी सुबह 11:30 एसएस कॉलेज में छात्रा को लेकर दाखिल हुई। एसएस कॉलेज के मुख्य गेट और मुमुक्षु आश्रम गेट पर पुलिस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। मीडियाकर्मियों ने मुमुक्षु गेट से कुछ दूरी पर बने दूसरे गेट से जाने की कोशिश की तो पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। उधर, एसआईटी कॉलेज के अंदर बने छात्रा के हॉस्टल रूम में सबूतों को खंगालने में लगी रही। इस दौरान छात्रा से कई बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए गए। लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय बरनवाल व अन्य शिक्षकों से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि आश्रम में स्वामी चिन्मयानंद भी मौजूद थे। एसआईटी ने उनसे छात्रा के लगाए गए आरोपों के आधार पर कई तरह के सवाल किए। हालांकि स्वामी के अधिवक्ता ने ऐसी किसी बात से इंकार किया।
एसआईटी पूरी गोपनीयता के साथ कड़ी सुरक्षा में जांच कर रही है। इसलिए स्थानीय पुलिस को भी जांच-पड़ताल की भनक जानकारी नहीं हो पा रही । एसआईटी रात सात बजे तक कॉलेज के अंदर ही मौजूद थी।
सीओ, इंस्पेक्टर भी आश्रम और कॉलेज परिसर में सुरक्षा के लिए रहे मौजूद
कॉलेज और मुमुक्षु आश्रम गेट पर पुलिस का पहरा तो था ही, आश्रम और कॉलेज परिसर में सीओ सिटी महेंद्रपाल सिंह, इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह भी पुलिस टीम के साथ सुरक्षा के लिहाज से मौजूद रहे। हॉस्टल में सर्च करने के दौरान स्थानीय पुलिस का कोई भी अधिकारी साथ में नहीं था।
गेट पर प्लाईबोर्ड जड़कर छात्रा का हॉस्टल रूम किया जाएगा सील
जांच के दौरान मुमुक्षु आश्रम के अंदर मौजूद पुलिस अधिकारी के बुलावे पर गेट पर मौजूद कांस्टेबल अंदर गया और कुछ देर बाद वापस आकर बाइक से साथी सिपाही के साथ चला गया। दोपहर 2:28 बजे वह प्लाई का टुकड़ा दरवाजे के बराबर का लेकर आया और मुमुक्षु गेट से अंदर चला गया। समझा जा रहा है कि प्लाई को जड़ कर छात्रा के हॉस्टल रूम को पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा।