रोजा थाना क्षेत्र में रेती रोड स्थित सत्यम इंपीरिया मैरिज लॉन पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने औचक छापा मारा। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा गया। देर रात तक जांच-पड़ताल जारी रही। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम तक आयकर सर्वे पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अपर आयुक्त आयकर वीके बोरा रेंज-1 बरेली के नेतृत्व में आयकर विभाग की टीम पुलिस फोर्स के साथ बुधवार दोपहर सत्यम इंपीरिया पहुंची। टीम में आयकर अधिकारी राजीव कुमार, निरीक्षक शिव प्रसाद मिश्रा, रोहित गुप्ता, सचिन गुप्ता, एसपी मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, तपेंद्र कुमार शामिल थे। यहां पहुंचने के बाद आयकर विभाग की टीम ने टैक्स चोरी और संपत्ति की जांच पड़ताल चालू कर दी। भारी पुलिस बल के साथ की गई छापा मारने की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। देर रात तक आयकर टीम जांच पड़ताल में जुटी रही। यहां मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ आयकर टीम आय-व्यय का लेखा-जोखा खंगाला और कंप्यूटर से हार्डडिस्क निकालकर कारोबारी लेनदेन संबंधी रिकार्ड जुटाए। टीम ने कुछ ऐसे कारोबारी दस्तावेज जुटाए हैं, जिनसे लाखों रुपये की टैक्स हेराफेरी पकड़ में आएगी।
गोपनीय जानकारी मिलने पर विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कराई है। टीम ने टैक्स हेराफेरी से संबंधित संदिग्ध अभिलेख जुटाए हैं। इनकी जांच के बाद ही सही स्थिति पता चला पाएगी। उम्मीद है कि बृहस्पतिवार शाम तक स्थिति साफ हो जाएगी।
- वीके बोरा, अपर आयकर आयुक्त