पीलीभीत। बीसलपुर विधायक रामसरन वर्मा और डीएम वैभव श्रीवास्तव के बीच चल रही रार पर भाजपा नेतृत्व ने स्थानीय संगठन से रिपोर्ट तलब की। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अलावा बृज क्षेत्र के नेताओं को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया।
मसला सरकार के स्तर पर होने से संगठन बहुत ज्यादा हस्तक्षेप करने के मूड में नहीं है, लेकिन जनता के बीच पार्टी और सरकार की छवि की चिंता के मद्देनजर संगठन के बड़े नेता इस विवाद पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने बताया कि बीसलपुर विधायक और डीएम के बीच विवाद की बातें जिस तरह सार्वजनिक तौर पर सामने आई हैं, उसे देखते हुए संगठन के बड़े नेताओं ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि शीर्ष संगठन नेताओं को अब तक इस पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस मामले में और ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया। बता दें कि गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा कोर कमेटी की बैठक लेकर संगठन के एक बड़े नेता को विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी है। अभी विवाद तो नहीं सुलझाया जा सका है, मगर संगठन के बड़े नेताओं को पूरी रिपोर्ट भेज दी गई है।