पीलीभीत। मरौरी ब्लाक क्षेत्र के बरी अलीगंज के सरकारी स्कूल में पढ़ने आए बच्चों से रोड़ा उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीएसए ने स्कूल के हेडमास्टर के वेतन निकालने पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाते हुए बीईओ को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
वीडियो के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय बरी अलीगंज में बच्चों से पढ़ाई के स्थान पर स्कूल में रोड़े उठवाए गए। कुछ फावड़े से काम करते भी दिख रहे हैं। स्टाफ की इस हरकत को पहले तो संज्ञान में नहीं लिया गया। बाद में किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो का बीएसए देवेंद्र स्वरूप ने संज्ञान लिया। जांच में वीडियो प्राथमिक विद्यालय बरी अलीगंज का पाया गया। बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के हेडमास्टर दीनदयाल का वेतन रोक दिया। बीईओ मरौरी को इस पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
विद्यालय में नाबालिग बच्चों से काम कराना बेहद गंभीर मामला है। प्रधानाध्यापक के वेतन पर रोक लगा दी गई है और बीईओ को जांच के आदेश दिए हैं। -देवेंद्र स्वरूप, बीएसए