तीन दिवसीय दौरे पर आईं नोडल अधिकारी सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वी.हेकाली झिमोमी ने दूसरे दिन शनिवार को महिला थाना का निरीक्षण किया गया। महिला उत्पीड़न के मामलों में हुई कार्रवाई की समीक्षा की। महिला उत्पीड़न के मामलों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। स्टोर रूम, कंप्यूटर कक्ष, रिकार्ड रूम, बैरक की व्यवस्थाएं चेक की। इसमें सब संतोषजनक मिला।
इसके बाद मरौरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बैवहा में आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति में प्रतिभाग किया गया। गर्भवती महिलाओं को वितरित पोषाहार, दवाइयों, बच्चों के वजन और पोषाहार वितरण की समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन महिलाओं-बच्चों का वजन कम है, उनका विशेष ध्यान रखा जाए। महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी गई। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने गांव की महिला स्वयं समूहों द्वारा आयोजित चौपाल में भाग लिया। उनके कार्यों के बारे में जानकारी जुटाई। शांति हरि महिला स्वयं सहायता समूह को कृषि विभाग द्वारा संचालित सीटू योजना के तहत 80 प्रतिशत अनुदान पर प्राप्त कृषि उपकरणों और ट्रैक्टर की चाबी प्रदान कर लाभान्वित किया।
वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मरौरी में निरीक्षण करने पहुंची। कक्षाओं में जाकर छात्राओं से शिक्षा की गुणवत्ता परखने हेतु हिन्दी और अंग्रेजी का उच्चारण कराकर देखा। बच्चों ने कुशलता के साथ प्रश्नों का जवाब दिया। बच्चों से रुचिकर विषय के बारे में पूछा और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। बच्चों से प्रतिदिन भोजन और नाश्ते में दी जा रही सामग्री एवं उसकी गुणवत्ता के बारे में जाना। छात्रावास समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उप जिलाधिकारी बरेली/ नोडल सदस्य श्याम लता आनंद, उप जिलाधिकारी रामपुर / नोडल सदस्य ज्योति गौतम, सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, एसीएमओ डॉ. सीएस चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार, बीएसए देवेंद्र स्वरूप, सीओ सिटी धर्मसिंह मार्छाल, तहसीलदार विवेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।