घर के बाहर खड़ी किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने साथियों की मदद से विरोध करने वालों से मारपीट की। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण अफरातफरी मच गई। दोनों ओर से भीड़ जमा होने से इलाके में तनाव हो गया। सूचना पर दो थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने सख्ती कर भीड़ को खदेड़ा। किशोरी के परिजन से पूरे मामले की जानकारी कर तहरीर मांगी गई है। एक युवक को मौके से हिरासत में लिया गया है। बेवजह दुकान में जमा लोगों को भी पुलिस ने सख्ती कर हटाया।
घटना मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे की है। सुनगढ़ी क्षेत्र के एक मजदूर की तेरह वर्षीय बेटी घर के बाहर खड़ी थी । इस बीच कुछ ही दूरी पर रहने वाले दूसरे संप्रदाय के युवक ने उसकी तरफ अश्लील इशारे करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। दूर खड़े युवक की हरकतों को कुछ लोग पहले तो देखते रहे और फिर विरोध किया। इस पर आरोपी ने अपने साथी बुला लिए और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। दोनों ओर से लोग जमा हो गए और गाली गलौज होने लगी। इसी बीच किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दे दी। चूंकि मामला मिश्रित आबादी वाले इलाके का था। सो चंद मिनट में ही सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी , सुनगढ़ी इंस्पेक्टर जय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों से मामले की जानकारी की गई। इसके बाद सख्ती करते हुए पुलिस ने बेवजह भीड़ लगाए लोगों को खदेड़ा। चाय की दुकानें चेक की तो वहां भी काफी युवा बेवजह जमा मिले, सभी को फटकार लगाते हुए भगा दिया गया। किशोरी के परिजन से पुलिस जानकारी जुटा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि छेड़छाड़ के बाद मारपीट की बात निकलकर आ रही है। थाना पुलिस को मामले में किशोरी के परिजन से तहरीर लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आसपास के दुकानदारों को भी बेवजह भीड़ जमा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।