बहेड़ी की तीन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बर्खास्त किए जाने के विरोध में सेठ दामोदर पार्क पर दूसरे दिन भी पुष्पा शर्मा सहित तीन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आमरण जारी रहा। उनके समर्थन में कई दर्जन कार्यकत्री अनशन पर बैठी। इस दौरान वार्ता के लिए एडीएम (सिटी) आलोक कुमार और बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहर) राजेश कुमार भी पहुंचे लेकिन वार्ता सफल नहीं हो पाई। इन अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी लेकिन वह लिखित में आदेश लेने पर अडिग थीं।
पिछले सप्ताह बहेड़ी सहित कई ब्लाकों की कार्यकत्रियों ने पंचायतों में रैपिड सर्वे और बीएलओ का काम करने से इंकार कर दिया था। बहेड़ी के एसडीएम ने बैठक भी बुलाई थी,जिसमें कार्यकत्रियों और तहसीलदार के बीच विवाद हुआ था, इसी विवाद के कारण डीएम ने तीन कार्यकत्रियों और प्रभारी सीडीपीओ रमा मौर्य के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।
उसी के आधार पर डीएम ने प्रभारी सीडीपीओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश सीडीओ को दिए थे। वहीं दूसरी ओर कार्यकत्रियों को बर्खास्तगी के निर्देश भी जिला कार्यक्रम अधिकारी को जारी किए थे। इसी आदेश के विरोध में आक्रोशित कार्यकत्री बुधवार से दामोदर पार्क में अनशन पर बैठ गईं हैं।