एसएसपी ने अमर उजाला की खबर पढ़कर शुरू कराई छानबीन
बरेली। सरकारी सिस्टम कितना बदहाल होता जा रहा है कि खुफिया अलर्ट तक समय से आला अफसरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। दो दिन पहले खुफिया विभाग ने शहर में लगे आपत्तिजनक बैनर और होर्डिंग संबंधी गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर पुलिस-प्रशासन को पत्र सौंपा था, लेकिन एसएसपी तक यह पत्र अब तक नहीं पहुंचा है। हालांकि एसएसपी ने अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए छानबीन शुरू करा दी है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच करा रहे हैं, समुचित कार्रवाई भी होगी।
सरकार ने अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर विभिन्न संगठनों और राजनैतिक दलों को खुशी अथवा आक्रोश प्रदर्शित नहीं करने की हिदायत दी थी। खुद कोर्ट ने इसकी निगरानी करने के आदेश भी दिए थे, इसके बावजूद शहर में कई स्थानों पर भाजपा से जुडे़ लोगों ने फैसला आने के चार दिन बाद जय श्रीराम लिखे और श्रीराम के फोटो लगे बैनर और होर्डिंग लगा दिए। विशेष अभिसूचना अधिकारी कार्यालय ने इस पर अपनी रिपोर्ट में कहा है कि भविष्य में इस प्रचार सामग्री का विरोध किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इससे शहर का माहौल भी खराब हो सकता है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसएसपी शैलेश पांडे ने शनिवार सुबह ही एलआईयू अफसर तलब किए और रिपोर्ट की जानकारी मांगी। इस पर एलआईयू अफसरों ने कहा कि उनकी ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बहरहाल यह पत्र किस कार्यालय से जारी हुआ और उनके पास अभी तक क्यों नहीं पहुुंचा, इसकी एसएसपी ने जांच शुरू करा दी है।
मेरे पास संबंधित अलर्ट पत्र नहीं पहुंचा है। फिर भी अभिसूचना अफसरों को बुलाकर मामले की छानबीन करने को कहा गया है। साथ ही जिस कार्यालय से पत्र आया है, इसकी भी तलाश कराई जा रही है। - शैलेश पांडे, एसएसपी