बरेली। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से दिल्ली में मुखातिब होकर उनसे योजना का फीडबैक लिया था। अब केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने भी शहर के लाभार्थियों से योजना का फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के सभागार में 24 लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार भी मौजूद रहे। तय किया गया कि अब हर शनिवार को लाभार्थियों से फीडबैक लिया जाएगा। जिस इलाके में ज्यादा लाभार्थी होंगे वहां जाकर उनसे बातचीत की जाएगी।
पिछले दिनों प्रधानमंत्री ने आयुष्मान के लाभार्थियों को दिल्ली बुलाकर उनसे बातचीत की थी। इसमें बरेली के सरताज भी थे, जिन्होंने योजना से कैंसर का इलाज कराया था। हालांकि शहर में मतलूब हुसैन जैसे आयुष्मान कार्ड धारक भी थे, जिनको योजना के तहत इलाज नहीं मिला और जान गंवानी पड़ी। अब केंद्रीय मंत्री लाभार्थियों से बातचीत कर रहे हैं ताकि योजना के तहत इलाज कराने में कोई दिक्कत हो तो उसे दूर किया जा सके। अर्बन कोऑपरेटिव बैंक सभागार में बुलाए गए लाभार्थियों से बीमारी और इलाज के बारे में पूछा। एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बातचीत के लिए बुलाया था। अब उस क्षेत्र में बातचीत करने जाएंगे जहां लाभार्थियों की संख्या ज्यादा है।