बरेली। भदपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरसिया में इंदिरा आवास, खंड़जा निर्माण और शौचालय में फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये का बंदरबांट कर लिया। विधायक केसर सिंह की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच कराई। मंडलीय प्राविधिक परीक्षक टीम (टीएसी) की जांच में सारी हकीकत सामने आ गई। शासन ने अब प्रधान और अधिकारियों से वसूली के आदेश दिए हैं।
विधायक केसर सिंह ने 2018 में बरसिया ग्राम पंचायत की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। टीएसी से जांच कराई गई। जिसमें सरकारी धन के बंदरबांट की बात साफ हो गई। शासन ने अब ग्राम पंचायत अधिकारी शशांक सक्सेना व विपिन सक्सेना, ग्राम प्रधान निशा गंगवार, अवर अभियंता अमर सिंह, आरईडी से 165404 रुपये की वसूली का आदेश जारी हुआ है। वहीं पालपुर कमालपुर में भी गड़बड़ी मिलने पर सीडीओ ने करीब पंद्रह हजार की वसूली के आदेश जारी किए हैं।