बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात निजी अस्पताल से ड्यूटी खत्म कर घर जा रही नर्स से ऑटो ड्राइवर ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। नर्स ने चीता बाइक देखकर शोर मचाया तो पुलिस ने ऑटो का पीछा शुरू कर दिया। तब ड्राइवर ऑटो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है। नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
जाटवपुरा क्षेत्र की एक नर्स स्टेडियम रोड के निजी अस्पताल में काम करती है। नर्स रात दस बजे करीब अपना काम खत्म करके ऑटो से घर जाने को निकली। नर्स के मुताबिक उसे जो ऑटो मिला उसमें दो-तीन लोग और बैठे थे। ये लोग आगे जाकर उतर गए। तब ऑटो में ड्राइवर की सीट के पास वह बैठी रह गई। आरोप लगाया कि मूर्ति चौराहे के पास से गुजरते वक्त ड्राइवर ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर भी ड्राइवर की हरकतें कम न हुईं तो उसने सड़क किनारे चीता बाइक खड़ी देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पुलिसकर्मी संजय महिला की मदद के लिए बाइक से ऑटो का पीछा करने लगे। पुलिस के पीछे लगने पर ड्राइवर प्रेमनगर थाने से पहले ऑटो छोड़कर भाग गया। सिपाही संजय ने महिला से घटना की जानकारी ली। घबराई नर्स की सूचना पर उसके परिवार के लोग भी आ गए। देर रात ये लोग थाने पहुंचे। वहां नर्स की ओर से ऑटो नंबर के आधार पर तहरीर दी गई। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। नंबर के आधार पर ऑटो का मालिक नरेंद्र बताया जा रहा है।