बरेली। शाहदाना रोड के व्यापारी श्यामगंज पुल के नीचे अब न तो अतिक्रमण करेंगे और न ही करने देंगे। यह निर्णय श्यामगंज पुल के नीचे हुई बरेली मर्चेंट एसोसिएशन की बैठक में लिया गया, जिसमें शाहदाना एवं श्यामगंज बाजार के व्यापारियों ने भाग लिया।
श्यामगंज पुल के नीचे यह बैठक खासतौर पर शाहदाना एवं श्यामगंज के व्यापारियों की समस्याएं सुनने और उनके निराकरण के लिए आयोजित की गई थी। इस दौरान व्यापारियों ने सर्वसम्मति से घोषणा की कि कोई भी व्यापारी किसी भी क्षेत्र में अतिक्रमण नहीं करेगा।
कुतुबखाना के अध्यक्ष कैफी खान ने कोतवाली, कुतुबखाना क्षेत्र में सफाई की समस्या को उठाया। सैलानी के व्यापारी मनीष मिश्रा और रेहान अंसारी ने सफाई एवं ट्रैफिक की दिक्कतें बताईं। श्यामगंज पुल के नीचे के व्यापारियों ने पिलर के पास कूड़े के ढेर, ट्रैफिक की समस्या, परनाला न लगे होने से पुल से गिरने वाले पानी की समस्या उठाई। कहा, नगर आयुक्त से तीन बार मिलने पर भी इनका समाधान नहीं हुआ। अध्यक्ष राजीव ऐरन और हाजी मुनीस खां ने व्यापारियों की मदद के लिए हर वक्त तैयार रहने को कहा। संरक्षक जफर बेग न इन समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त और एसपी ट्रैफिक से मिलने की बात कही। इस दौरान नरसिंह मोदी, राम अरोरा, जरगाम अली, हरीश, कैसर रजा आदि मौजूद रहे।