बरेली। श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठान और विभाग मिलकर सरकार की लाभकारी योजनाओें को श्रमिकों तक पहुंचाएं। समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने इस बात पर नाराजगी जताई कि जिले में सिर्फ 18 श्रमिक अब तक पंजीकृत किए गए हैं।
बुधवार दोपहर सर्किट हाउस में श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला ने समीक्षा बैठक में कहा कि सरकार पांच लाभकारी योजनाएं श्रमिक और उनके बेटे-बेटियों के लिए संचालित कर रही है। बावजूद इसके इसका पूरा लाभ श्रमिकों तक नहीं पहुुंच रहा। उन्होंने आश्चर्य जताया कि जिले में सिर्फ 18 श्रमिकों का ही पंजीकरण हुआ है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों को लाभ दिए जाने को उनकी संख्या बढ़ाने के लिए अभियान चलाएं। इसके तहत चौराहों पर कैंप लगाकर पंजीकरण किए जाएं। भराला ने बताया कि श्रमिकों के लिए धार्मिक पर्यटन योजना भी बनाई गई है। श्रमिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए परिषद योजनाओं को ऑनलाइन करेगा। इस मौके पर श्रमिक नेता सतीश मेहता, आईआईए नेता व उद्यमी सुरेश सुंदरानी, सतीश अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अनिल शर्मा आदि विभागीय अफसर आदि मौजूद रहे।