बरेली। अमरोहा में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने बदायूं में तैनात अपने सिपाही पति और उसके साथ काम करने वाली महिला सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए तो रविवार को एडीजी ने तीनों को तलब कर मामले को सुलटा दिया। महिला पुलिसकर्मी की मांग पर सिपाही पति का बदायूं से अमरोहा ट्रांसफर करने का आदेश एडीजी ने दिया है।
अमरोहा की हसनपुर कोतवाली में तैनात महिला सिपाही ने एडीजी को पत्र देकर बताया था कि उसके पति बदायूं के एसएसपी कार्यालय में सिपाही के रूप में तैनात हैं। इसी कार्यालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल से उनका प्रेम प्रसंग हो गया है। महिला सिपाही ने अपने नाम से एक सरकारी क्वार्टर ले रखा है। वह उनके पति को साथ रखती है और पूरा वेतन ले लेती है। जब उसके पति महिला सिपाही से दूर होना चाहते हैं तो वह उन पर जादू टोना भी कराती है। इससे पति मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। वह हाल ही में पति के पास गई थी, वहां उन्होंने
उसे तीन दिन तक बुरी तरह पीटा।
महिला ने एसएसपी बदायूं से भी शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला ने एडीजी से पति का ट्रांसफर बदायूं से अमरोहा कराने की मांग की। एडीजी ने रविवार शाम तीनों सिपाहियों को तलब किया। महिला के पति को बताया गया कि उसकी हरकतें नहीं सुधरीं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस पर सिपाही ने माफी मांग ली। एडीजी ने प्रशासनिक आधार पर सिपाही का ट्रांसफर अमरोहा जिले में करने का भी आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि विवाद निपटा दिया गया है।