बरेली। एडीजी ने थाना स्तर पर टॉप टेन बदमाशों की सूची दो दिन में बनाकर देने का आदेश सभी कप्तानों को दिया है। इस सूची सप्ताह में कम से कम एक बार अपडेट भी किया जाएगा।
एडीजी बरेली जोन अविनाश चंद्र ने बताया कि अभी तक थाना स्तर पर बनने वाली टॉप टेन सूची में अधिकांश ऐसे अपराधी होते हैं जो जेल में बंद हैं या फिर काफी समय पहले अपराध से नाता तोड़ चुके हैं। इस सूची से बड़ी वारदातों के बाद अपराधियों को चिह्नित करने में कोई खास मदद नहीं मिल पाती। अब जोन के सभी थानों को दो तरह की टॉप टेन लिस्ट बनाई जाएंगी। एक में क्षेत्र के सक्रिय बदमाशों और दूसरी में जेल में बंद क्षेत्रीय बदमाशों का ब्योरा होगा। लिस्ट में हर बदमाश का पूरा डोजियर रहेगा। यानी उसके नाम-पते के साथ उसके बारे में पूरी जानकारी, उसके खास मित्रों, जमानतदारों और वकीलों का विवरण भी इसमें शामिल होगा। गतिविधियों के हिसाब से यह सूची सप्ताह में कम से कम एक बार अपडेट की जाएगी। अति सक्रिय बदमाश को सूची में ऊपर रखा जाएगा। जेल आनेजाने वाले बदमाशों के हिसाब से भी सूची अपडेट हुआ करेगी। जरूरी नहीं कि हर थाने में ऐसे दस या बीस ही बदमाश हों, उनकी संख्या कम या ज्यादा हो सकती है।
आज से होगी हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग
मंगलवार से बरेली जोन के सभी नौ जिलों में हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। एडीजी ने बताया कि यह चेकिंग दो दिन चलेगी जिसमें सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों की स्थिति और उनकी मौजूदा गतिविधियों पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। पुराने हिस्ट्रीशीटरों की आपराधिक गतिविधियां न मिलने पर उनकी निगरानी बंद करके एचएस सूची से नाम हटाया जाएगा। उनकी जगह नए बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी।