बरेली। कैंट विधानसभा के विष्णु बाल सदन बूथ पर वोटों की गड़बड़ी को लेकर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह को लिखे पत्र से हड़कंप मच गया है। केंद्रीय मंत्री के सवालों में घिरे जिला प्रशासन पर अब भगवत सरन गंगवार ने भी हमला बोला है। साथ ही सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि हम लोग जब ईवीएम या चुनाव में गड़बड़ी की बात कहते तो कोई नहीं सुनता, अब तो केंद्र सरकार के मंत्री ही गड़बड़ी की शंका जाहिर कर रहे हैं। इस चुनाव में संतोष गंगवार उनसे 1.67 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीते थे।
सिविल लाइंस में हुई प्रेसवार्ता के दौरान भगवत सरन गंगवार ने कहा, विपक्ष ईवीएम में गड़बड़ी की बात कहता है तो धमकी दी जाती है कि गड़बड़ी न मिलने पर मुकदमा लिखवाकर जेल भेज देंगे। इससे विपक्ष के मुंह बंद हो गए। हालांकि बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि एक ही विधानसभा में पड़े वोट और मतगणना के दौरान गिने वोट में 15 हजार का अंतर था, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। इसके बाद मीडिया के समक्ष आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने कहा कि नवाबगंज में 17 बूथों पर मतदान और मतगणना के वोटों में एक से लेकर सौ से ज्यादा तक अंतर सामने आया। अन्य विधानसभाएं देखनी बाकी हैं, जबकि 2012 के विधानसभा चुनाव में सिर्फ 18 वोट से जीत-हार हुई थी। यहां तो इतना बड़ा अंतर है, फिर जीत-हार का सटीक आकलन कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा समाज में भ्रम की स्थिति है। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने तो सिर्फ एक बूथ का जिक्र किया है, जबकि वह भाजपा का गढ़ है। ऐसे ही मेरा कहना है कि बहुत सारे ऐसे बूथ हैं, जहां सपा का वोट बैंक था, लेकिन जीती भाजपा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, नीदरलैंड समेत तमाम देशों ने ईवीएम पर सवाल उठाकर बैलेट पेपर से वोटिंग शुरू कराई है। अगर देश के 25-30 प्रतिशत मतदाता ईवीएम पर शक जाहिर कर रहे हैं तो चुनाव आयोग और सरकार की जिम्मेदारी है कि बैलेट पेपर से चुनाव कराकर उन्हें संतुष्ट करें। बोले- अगर भाजपा के मंत्री संतोष गंगवार खुद चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम पर आरोप लगा रहे हैं तो हमारा कहना तो स्वाभाविक है। चुनाव आयोग को इसे देखना चाहिए, जिससे जनता को विश्वास पैदा हो। सरकार और चुनाव आयोग को ईवीएम को हटाना चाहिए क्योंकि केंद्र सरकार मंत्री सवाल उठा रहे हैं तो पूरी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ जाती है। इस दौरान योगेंद्र यादव, ओमकार सिंह, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।
भगवत सरन द्वारा मीडिया को दिए गए नवाबगंज विधानसभा के कुछ आंकड़े
बूथ पड़े वोट मतगणना में निकले
पनुआ 1 720 735
समुहा 1 656 596
तुमड़िया 1 579 576
इनायतपुर 1 559 561
ईध जागीर 1 626 583
पं. दीनदयाल 1 347 359
जेपीएन 2 547 648
जेपीएन 8 670 555
जेपीएन 7 590 520
हरहरपुर मटकली 1 811 812
बीजामऊ 1 451 428
अब्दला 1 731 671
नवादा 2 459 460