बरेली। अर्बन अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी की सील तोड़कर संचालन पर सीएमओ ने नोटिस जारी कर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। अस्पताल संचालक को साक्ष्यों के साथ कार्यालय बुलाया था। तय तिथि पर उपस्थित न होने पर रिमाइंडर जारी किया है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी और डॉ. अजय कुमार की टीम ने 31 जुलाई को अर्बन अस्पताल का निरीक्षण किया था। आईसीयू और एचडीयू में मरीज भर्ती थे, पर अस्पताल के पैनल में दर्ज कोई डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद न होने पर ऑपरेशन थिएटर और पैथोलाॅजी सील कर दी थी। बिना अनुमति सील तोड़कर संचालन की शिकायत की भी जांच में पुष्टि हुई।
अब अर्बन अस्पताल के पैनल में सूचीबद्ध डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की डिग्री और मान्यता सत्यापन की तैयारी है। अस्पताल प्रबंधक फैय्याज को नोटिस जारी कर पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी है।