कहा- मुकदमा वापस नहीं लिया होगा धरना प्रदर्शन
बरेली। किला थाना प्रकरण में कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने से हिंदू संगठन के लोग खासे आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है। अगर मुकदमा खत्म नहीं किया गया तो हिंदूवादी संगठन आंदोलन करेंगे। इन संगठनों ने दामोदर स्वरूप पार्क में धरना प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे।
बजरंगी लाल जनकल्याण समिति ने ज्ञापन देते हुए कहा कि हिंदू संगठन के लोग शांतिपूर्वक ज्ञापन देने गए थे। झड़प होने के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बिलाल के खिलाफ कार्रवाई न करके हिंदू नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया गया और आरोपी बिलाल को जेल नहीं भेजा गया तो समिति आंदोलन करने का बाध्य होगी। ज्ञापन देने वालों में समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष रजत उपाध्याय, प्रदेश सचिव मनुकृष्ण सक्सेना, आशीष ठाकुर, संदीप ठाकुर, विनय सिंह, सौरभ पाल आदि शामिल थे।
परशुराम सेना ने भी मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि भारतीय राष्ट्रवादी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर व अन्य हिंदू नेताओं पर किला पुलिस ने फर्जी तरीके से मुकदमा दर्ज किया है। परशुराम सेना के प्रदेश महासचिव का कहना है कि अमित राठौर व अन्य हिंदू नेताओं की नामजदगी गलत है। उनका कहना है कि जांच कर उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करें और फर्जी रूप से दर्ज किए गए इस मुकदमे को वापस लें। ज्ञापन देने वालों में परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पप्पू सागर, सुधीश कुमार गुप्ता आदि शामिल थे। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रवादी दल ने भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मुकदमे को वापस लेने की मांग की है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेने के लिए एसीएम मौके पर ही पहुंच गए थे।