बरेली। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र के आवेदन लंबित होने के मामले का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। प्रभारी अधिकारी ई-डिस्ट्रिक्ट/एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में बैठक कर हिदायत दी कि आवेदकों की पात्रता को ढंग से जांच लें और एक सप्ताह में सभी लंबित आवेदनों को निस्तारित कराएं।
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र के लिए लंबित आवेदनों के मामले को अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में प्रकाशित किया था। इस पर प्रभारी अधिकारी ने जिम्मेदारों के पेच कसे। 2,316 आवेदनों के निस्तारण में एसडीएम-तहसीलदार डिफाल्टर हो चुके हैं। सबसे अधिक लंबित आवेदनों का ढेर सदर तहसील में लगा है। इसमें भी 1,809 आवेदनों के निस्तारण की निर्धारित समयावधि बीत चुकी है।
गोशाला में इंतजामों की करें जांच
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने एसडीएम को निर्देश दिए कि गोशाला का जब भी निरीक्षण करें, उसकी रिपोर्ट भी बनाएं। वहां यह भी देखें कि पशुओं के लिए ठंड से बचाव, हरा चारा, भूसा, पानी एवं साफ-सफाई के क्या इंतजाम हैं? उन्होंने फैमिली आईडी और आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निस्तारण के भी निर्देश दिए। अलाव व कंबल वितरण के विवरण को भी समय रहते पोर्टल पर दर्ज कराने की हिदायत दी। संवाद