बरेली। दो दिन से बूंदाबांदी और रिमझिम के बाद निकल रही तेज धूप और उमस से बेहाल शहरवासियों को सोमवार शाम तेज बारिश ने राहत पहुंचाई। मौसम विभाग ने मानसूनी सक्रियता बढ़ने की संभावना जताते हुए तीन दिन तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रविवार की रात उमस भरी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार की भोर अनुकूल माहौल बनने पर बादल मंडराए और रिमझिम शुरू हुई। सुबह नौ बजे के बाद आसमान साफ हुआ और तेज धूप निकली। दोपहर में पारा सामान्य स्तर पर 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। दोपहर तीन बजे फिर घने बादल मंडराए, रिमझिम शुरू हुई। शाम पांच बजे के बाद बादलों के मंडराने से अंधेरा छा गया। करीब घंटे भर तक हल्की तेज बारिश हुई। नमी बढ़ने से उमस से खासी राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक मानसूनी सक्रियता से बादल घिरने लगे है। मंगलवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अनुकूल माहौल होने पर अगले दो दिन और यलो अलर्ट जारी रहेगा।