बरेली। आईजी साहब आपरेशन मुस्कान के तहत ठीक से काम नहीं हो पाया है। सवा महीने पहले अलीगढ़ की एक लड़की ने चाइल्ड लाइन की टीम को मामा द्वारा खुद को बेचे जाने की कहानी सुनाई थी। उसका कहना था कि जिस स्थान से वह भागकर आई है वहां और भी कई लड़कियां थीं। बाल कल्याण समिति ने लड़की को ग्यारह जुलाई को नारी निकेतन भेजने के बाद सुध नहीं ली। मानव तस्करी रोकथाम इकाई की टीम ने नारी निकेतन में लड़की के बयान लिखकर उसके मामा को क्लीनचिट देकर चुप बैठ गई। चाइल्ड लाइन फाउंडेशन के सीआईसी ने फिर से लड़की की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को चाइल्ड लाइन की तरफ से लड़की की फिर से काउंसलिंग कराने को अर्जी दी जाएगी।
नौ जुलाई को शास्त्रीनगर की मल्लिका आर्य 14 साल की लड़की को लेकर बाल कल्याण समिति की चेयरमैन शीला सिंह के घर पहुंची तो उन्होंने चाइल्ड लाइन को बुलाकर उसे सौंप दिया। चाइल्ड लाइन की काउंसलर ने लड़की के बात की। लड़की ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं है। उसके मामा ने उसे बेच दिया था। बाल कल्याण समिति की चेयरमैन के आदेश पर लड़की को बिना मेडिकल के ही ग्यारह जुलाई को नारी निकेतन भेज दिया गया। लड़की की कहानी अखबारों की सुर्खियों में आने के बाद लड़की मेडिकल बाल श्रमिकों की श्रेणी में रखकर कराने के बाद फिर से नारी निकेतन भिजवा दिया। मानव तस्करी रोकथाम इकाई की टीम लड़की का बयान लेने के लिए निकेतन पहुंची। टीम ने दावा लेकर दावा किया कि लड़की के साथ कोई अपराध नहीं हुआ है। वह भटककर चली आई है। पता लगाकर उसके घर भिजवाया जाएगा, लेकिन इसके बाद किसी ने लड़की की सुध नहीं ली है। सवा महीने से लड़की नारी निकेतन में रह रही है। मंगलवार को दिल्ली से आए चाइल्ड लाइन फाउंडेशन के सीआईसी जावेद चौधरी के सामने बरेली चाइल्ड लाइन से डायरेक्टर अनीस अहमद और जिला समन्वयक गजेंद्र सिंह ने अलीगढ़ की लड़की का पूरा मामला रख दिया। सीआईसी जावेद चौधरी ने लड़की की फिर से काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए हैं।
-यह मामला संज्ञान में नहीं आया है। बुधवार को पूरे मामले की रिपोर्ट मंगाकर लड़की की काउंसलिंग कराएंगे। लड़की यदि अपने बयान में मामा पर बेचे जाने का आरोप लगाती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी- विजय सिंह मीना, आईजी
-सवा महीने तक लड़की का नारी निकेतन में रहना गंभीर मामला है। वह लड़की को बुलाकर फिर उसकी काउंसलिंग कराएंगे। कोशिश यह रहेगी कि उसकी पढ़ाई के साथ रहने का सही जगह इंतजाम हो जाए- देव शर्मा यजुर्वेदी, सदस्य ,बाल कल्याण समिति, बरेली