बरेली। जिलाधिकारी गौरव दयाल ने कैंप कार्यालय पर आपरेशन मुस्कान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम को प्रभावी रूप से चलाने की हिदायत दी। उन्होंने विशेष रूप से श्रम विभाग को हिदायत दी कि प्रतिदिन अभियान में छापामारी और जांच के बाद कार्रवाई होनी चाहिए। टीम भावना सेकाम न करने वाले अफसरों को डीएम ने हड़काते हुए मिलकर काम करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई को कहा है।
डीएम ने कहा कि रोजाना 10 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित मानव तस्करी इकाई थाने में श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पुलिस अधिकारी व चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि उपस्थित होंगे। यह टीम अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग व छापेमारी कर बच्चों को खोजेगी। बैठक में बताया गया कि अब तक 24 बच्चों को रेस्क्यू किया जा चुका हैं। जिनमें 16 बच्चे उनके माता-पिता की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं। बच्चों का डाटा नेट पर अपलोड किया जाएगा।
बाल कल्याण अधिकारी ने बच्चों के मेडिकल में आने वाली परेशानियों की बात रखी। सीएमओ ने मेडिकल संबंधी समस्या दूर कराने का वादा किया। अलीगढ़ की लड़की के मेडिकल में देरी का मामला भी उठा तो डीएम ने फौरन कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विजय यादव, एसपी क्राइम डॉ. एसपी सिंह आदि मौजूद थे।