बरेली। बरेली सिटी-लालकुआं के बीच तीन जून से विशेष डेमू ट्रेन का संचालन शुरू होगा। शुक्रवार को रेलवे ने इसकी समय सारणी जारी कर दी। यह ट्रेन बरेली सिटी-लालकुआं के बीच नौ स्टेशनों पर ठहराव लेगी। 129 किमी की दूरी 2:10 घंटे में तय करेगी।
इज्जतनगर मंडल की ओर से बरेली-लालकुआं, बरेली-कासगंज के बीच मेमू और डेमू ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा गया था। इनमें से बरेली सिटी-लालकुआं डेमू ट्रेन के संचालन की स्वीकृति मिल गई है। तीन जून से इस ट्रेन का संचालन होगा, लेकिन एक जुलाई को समय सारणी बदल दी जाएगी। 05401 बरेली सिटी-लालकुआं विशेष डेमू ट्रेन बरेली सिटी से सुबह 8:25 बजे चलने के बाद इज्जतनगर, दोहना, भोजीपुरा, अटामांडा, देवरनियां, रिछा रोड, बहेड़ी, किच्छा, पंतनगर स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 10:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी। वापसी में 05402 लालकुआं-बरेली सिटी विशेष ट्रेन लालकुआं से अपराह्न 3:50 बजे चलने के बाद शाम 6:10 बजे बरेली सिटी आएगी।