बरेली कॉलेज में तमाम छात्रों ने पहुंचकर प्रवेश समन्वयक से दर्ज कराई शिकायत
विज्ञापन
बोले- साइबर कैफे संचालक गलत फीड कर दे रहे जानकारी, वेबसाइट भी हो रही हैंग
बरेली। स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन के महज दो दिन बाकी है लेकिन छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण कराने में काफी दिक्कत आ रही है। छात्रों का कहना है कि एक तो साइबर कैफे संचालक सही से डाटा फीड करने में गड़बड़ी कर रहे हैं। वहीं, लोड बढ़ने से वेबसाइट खुलने में दिक्कत आ रही है या वो बार-बार हैंग हो जा रही है। इस समस्या को लेकर तमाम छात्र बुधवार को बरेली कॉलेज के प्रवेश समन्वयक से मिले।
बरेली कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश क लिए 11 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण चल रहे हैं। बरेली कॉलेज में 4480 सीटों के लिए अब तक करीब 6500 छात्रों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिए है। इसमें बीए में सबसे ज्यादा 1840 सीट के लिए करीब 3500 छात्रों ने पंजीकरण कराए। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने पहले 11 से 23 अगस्त तक पंजीकरण की तिथि निर्धारित की थी लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 28 अगस्त कर दिया गया था। अब यह समय सीमा खत्म होने जा रही है। 28 अगस्त की रात 12 बजे प्रवेश के लिए वेबसाइट बंद हो जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए साइबर कैफे पर छात्रों की भीड़ लग रही है। दिक्कत यह आ रही है कि जल्दबाजी में कम्यूटर ऑपरेटर वेबसाइट पर ब्योरा ही गलत अपलोड कर दे रहे हैं। कई छात्रों की शिकायत है कि उन्हें सौ रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के साथ साइबर कैफे पर अलग से रुपये देने पड़ रहे। उस पर डाटा भी सही से अपलोड नहीं हो रहा। इससे परेशान होकर तमाम छात्र बरेली कॉलेज में प्रवेश समन्वयक डॉ. राजीव मेहरोत्रा से मिलकर भी अपनी दिक्कत बताई।