बिहारीपुर स्थित एक दुकान में मीट पकाकर परोसने को लेकर हुए हंगामे के बाद बृहस्पतिवार को भाजपाइयों ने कोतवाली का घेराव कर पुलिस कार्रवाई में पक्षपात का आरोप लगाया। इससे पहले पुलिस ने हंगामा करने के आरोपी राकेश मिश्र को हिरासत में ले लिया था। भाजपाइयों का कहना था कि दूसरे पक्ष से कोई गिरफ्तारी नहीं है। पुलिस ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि जिस दुकान को लेकर विवाद है उसमें चाय बनाकर बेची जाएगी मीट पकाकर नहीं परोसा जाएगा। बृहस्पतिवार को भी इलाके में तनावपूर्ण शांति रही। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात है। कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर मोहल्ले में आला हजरत दरगाह को जाने वाली गली के मोड़ पर नया मार्केट बना है। इसमें फरहान रजा होटल खुला है, जिसके प्रोपराइटर यासीन रजा हैं। मार्केट के सामने दूसरे समुदाय के लोग रहते हैं और वहीं पड़ोस में एक धर्म स्थल भी है। वहां लोगों का कहना है कि होटल में मीट परोसा गया मीट लोग मंदिर के चबूतरे पर बैठकर खाते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। बुधवार की रात दोनों पक्षों के आमने- सामने आ जाने पर जमकर हंगामा हुआ था, जिससे इलाके में तनाव है। बृहस्पतिवार की सुबह भाजपा के शहर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, महामंत्री यतिन भाटिया, मोहित कपूर, प्रभुदयाल लोधी, अजय जेटली, ब्रिजेश मिश्रा समेत तमाम भाजपाई कोतवाली पहुंच गए। जहां बातचीत के दौरान उनकी कोतवाल से नोकझोंक भी हुई। एसपी सिटी समीर सौरभ व एडीएम सिटी आलोक कुमार भी पहुंच गए तो भाजपाइयों ने कहा कि जिस दुकान को लेकर विवाद हुआ उसमें चाय बनाकर बेची जाती थी। मगर पांच-छह दिनों से उसमें मीट पकाकर बेचा जाने लगा। दुकान में परोसा गया मीट लोग धार्मिक स्थल के चबूतरे पर बैठकर खाते हैं, जिनके उनके पास फोटो भी हैं। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी। बुधवार रात राकेश मिश्रा अपने घर के आगे खड़े टेंपो वालों को भगा रहे थे। होटल वाले ने टेंपो वालों का पक्ष लिया, जिससे विवाद बढ़ गया। पुलिस ने पक्षपात तरीके से कार्रवाई की और अकेले राकेश मिश्रा को हिरासत में लिया। उन्होंने राकेश को बगैर कार्रवाई के छोड़ने की मांग की। इस पर एसपी सिटी ने जांच कराने के साथ ही मीट न बिकने देने का आश्वासन दिया। राकेश मिश्रा का शांति भंग की धारा 151 में चालान कर दिया गया था, जिन्हें एसडीएम सदर की कोर्ट से जमानत मिल गई।