बरेली। लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस में बेटिकट यात्रियों से ऑनलाइन वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीटीई ने यात्रियों से आईआरसीटीसी के कर्मचारी के नंबर पर रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जिन यात्रियों से रुपये लिए गए, उनको रसीद दी गई है। 15043 लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस का ठहराव लखनऊ से चलने के बाद बरेली जंक्शन पर है। सोमवार को यह ट्रेन तड़के 4:14 बजे बरेली जंक्शन पहुंची। लखनऊ से बरेली के बीच ट्रेन के कोच संख्या एस-2 में चेकिंग के दौरान कई यात्री बेटिकट मिले।
अनुराग नाम के यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर शिकायत की। आरोप लगाया कि टीटीई ने उनसे आईआरसीटीसी के कर्मचारी के खाते में रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। उनको कोई रसीद भी नहीं दी। इसके बाद जांच कराई गई। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि जांच में वसूली के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। संवाद