बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में डीजे नाइट के दौरान हुए झगड़े के बाद निलंबित किए गए तीन छात्रों में से एक को बहाल कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र वैभव के अभिभावक द्वारा खेद जताने और लिखित आश्वासन देने के बाद यह निर्णय लिया है।
यह घटना छह अप्रैल को ऑरा 2026 कार्यक्रम की डीजे नाइट के दौरान हुई थी, जिसमें इंजीनियरिंग के दो गुटों में मारपीट हुई थी। इसके बाद बीडीए छात्रावास के मैस में एक छात्र की पिटाई और बाइक तोड़ने का मामला भी सामने आया था। चीफ प्रॉक्टर रवेंद्र सिंह ने इस मामले में तीन छात्रों को निलंबित किया था। निलंबित मैकेनिकल के छात्र वैभव के अभिभावक सोमवार को विश्वविद्यालय पहुंचे और अपने बेटे के व्यवहार पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का लिखित आश्वासन भी दिया, जिसके बाद वैभव का निलंबन हटा दिया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ईसीई) के राजशेखर और केमिकल के मंगल सिंह का निलंबन अभी बरकरार है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों छात्रों के अभिभावकों के आने के बाद ही उनकी बहाली पर विचार किया जाएगा।
आज आ सकती है जांच रिपोर्ट
चीफ प्रॉक्टर रवेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक तोड़ने के मामले में अभी तक यह साबित नहीं हो पाया है कि इसमें कौन लोग शामिल थे। इस संबंध में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की जांच रिपोर्ट मंगलवार को प्रॉक्टर कार्यालय में सौंपी जाएगी। राजशेखर और मंगल सिंह के अभिभावकों को विश्वविद्यालय से संपर्क करने के लिए कहा गया है। उनकी बहाली के लिए अभिभावकों का विश्वविद्यालय आना अनिवार्य है।