जनपद में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार की सुबह बरेली की प्राइवेट लैब से आई रिपोर्ट में पलिया के मोहल्ला पठान का निवासी युवक संक्रमित निकला।
यह कोरोना संक्रमित प्रवासी नहीं है, पलिया निवासी 34 वर्षीय युवक कुछ दिन पहले बरेली के एक निजी हास्पिटल में पित्त की पथरी का आपरेशन कराने गया था। जहां पर हास्पिटल के डॉक्टरों ने आपरेशन से पहले उसका एक प्राइवेट पैथोलॉजी में कोरोना टेस्ट कराया था। जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 40 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से पांच लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 35 कोरोना संक्रमितों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
इनमें 31 प्रवासी मजदूर व दो उनके बच्चे, एक डॉक्टर व एक पलिया का मोहल्ला पठान निवासी युवक है। मालुम हो कि पलिया निवासी युवक चार दिन पहले घर लौटा था। डीएम ने पलिया निवासी युवक के मोहल्ले पठान-1 को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया है।