पशु चराते समय बारिश होने पर पेड़ के नीचे शरण लिए लोगों पर बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। मृतका के पति की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बंडा थाना क्षेत्र के गांव भगौतीपुर निवासी रामऔतार अपनी पत्नी सुचित्रा देवी के साथ पशु चराने और खेत पर काम करने गया था। पास में ही कुछ किशोर भी पशु चरा रहे थे। दोपहर बाद अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। भीगने से बचने के लिए रामऔतार,उसकी पत्नी और गांव के ही गोधन की पुत्री रूबी, हरनाम की पुत्री दुर्गा देवी, फूलचंद्र की पुत्री जयंती और अनिल कुमार खेत के पास खड़े पेड़ के नीचे जा पहुंचे।
इस बीच बिजली गिरने से सुचित्रा देवी की मौत हो गई और अन्य लोग झुलस गए।घटना के बाद घायलों ने शोर मचाया तो आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुवायां से सीओ अरूण कुमार और बंडा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है। झुलसे लोगों को गांव में ही निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया गया। रामऔतार की
हालत गंभीर होने के कारण उसे पुवायां सीएचसी के लिए रेफर कर दिया गया, जहां रामऔतार की हालत ठीक है। तहसीलदार स्वाति गुप्ता ने भी मौका मुआयना किया है।