प्रतिबंधित रूटों पर दौड़ते मिले ऑटो और ई-रिक्शा
बरेली। एक दिन के अभियान के बाद शहर में ऑटो, ई-रिक्शा के लिए बनाए गए अस्थायी पार्किंग स्थलों पर फिर अतिक्रमण हो गया है। सोमवार को शहर के प्रतिबंधित इलाकों में ऑटो, ई-रिक्शा फर्राटा भरते दिखे। रविवार को अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 27 ऑटो, ई-रिक्शा का चालान किया था। 16 के खिलाफ सीज की कार्रवाई की गई थी।
शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए 48 स्थानों पर अस्थायी ठहराव स्थल बनाए गए हैं, लेकिन वहां उनका ठहराव नहीं होता। चालक मनमाने ढंग से संचालन करते हैं। जिन इलाकों को ऑटो, ई-रिक्शा के लिए प्रतिबंधित किया गया है, उन पर भी फर्राटा भरने से नहीं चूकते। श्यामगंज पुलिस चौकी के पास अस्थायी ठहराव स्थल पर पुलिस कर्मियों के वाहन खड़े रहते हैं। सिकलापुर चौराहे के पास व्यापारियों ने अपने चार पहिया वाहनों को खड़ा करके घेर लिया है।
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि अतिक्रमण के संबंध में नगर निगम को भी लिखा गया है। नियम तोड़ने वाले ऑटो, ई-रिक्शा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को भी शहर में अलग-अलग स्थानों पर 28 वाहनों का चालान किया गया। संवाद